होली से पहले रेलवे का मेगा प्लान, स्पेशल ट्रेनों की लंबी लिस्ट जारी, तुरंत देखें अपनी ट्रेन

होली के अवसर पर संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए राजधानी को केंद्र बनाकर कई विशेष ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। प्रमुख टर्मिनलों से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए ये गाड़ियां निर्धारित तिथियों पर चलाई जाएंगी। इस कदम से हजारों यात्रियों को अपने गृहनगर पहुंचने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

सबसे पहले नई दिल्ली–हावड़ा आरक्षित होली स्पेशल (04052/04051) की बात करें तो यह सेवा 25 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक नई दिल्ली से संचालित होगी, जबकि हावड़ा से वापसी 27 फरवरी से 5 मार्च 2026 के बीच रहेगी। गाड़ी संख्या 04052 शाम 18:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन रात 23:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में 04051 रात 01:40 बजे हावड़ा से चलकर सुबह 08:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर (गोविंदपुरी), प्रयागराज, पटना और आसनसोल स्टेशनों पर ठहरेगी।

 

मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए नई दिल्ली–दादर स्पेशल (04002/04001) चलाई जा रही है। यह ट्रेन 25 फरवरी और 4 मार्च को नई दिल्ली से प्रस्थान करेगी, जबकि दादर से वापसी 27 फरवरी और 6 मार्च 2026 को होगी। गाड़ी संख्या 04002 रात 22:40 बजे नई दिल्ली से चलकर अगले दिन 22:40 बजे दादर पहुंचेगी। वापसी सेवा 04001 रात 00:05 बजे दादर से रवाना होकर रात 21:05 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

 

इंदौर और हजरत निजामुद्दीन के बीच भी विशेष सेवा (09309/09310) का संचालन किया जाएगा। इंदौर से यह ट्रेन 22 फरवरी से 27 मार्च 2026 के बीच कुल 10 फेरे लगाएगी, जबकि निजामुद्दीन से वापसी 23 फरवरी से 28 मार्च 2026 तक निर्धारित है। 09310 सुबह 08:20 बजे हजरत निजामुद्दीन से प्रस्थान कर रात 21:00 बजे इंदौर पहुंचेगी। वहीं इंदौर से यह शाम 17:00 बजे चलकर सुबह 05:00 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।

 

बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए आनंद विहार टर्मिनल–लोकहा बाजार (04014/04013) स्पेशल के चक्करों में वृद्धि की गई है। आनंद विहार से यह ट्रेन 22 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक कुल 13 फेरे लगाएगी। लोकहा बाजार से इसकी वापसी 23 फरवरी से 7 मार्च 2026 के बीच होगी।

 

इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी तय किया गया है। जोधपुर–दिल्ली जंक्शन–गोरखपुर (04829/04830) 5 मार्च से 26 मार्च के बीच प्रत्येक गुरुवार को जोधपुर से चलेगी। यह सुबह 04:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी और 04:45 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होगी। वापसी में दोपहर 12:50 बजे दिल्ली जंक्शन आगमन का समय निर्धारित है।

श्री गंगानगर–दिल्ली जंक्शन–समस्तीपुर (04731/04732) प्रत्येक रविवार को श्री गंगानगर से प्रस्थान करेगी। दिल्ली जंक्शन पर इसका आगमन रात 00:25 बजे और प्रस्थान 00:35 बजे तय है।

वाराणसी–दिल्ली जंक्शन–वाराणसी (04209/04210) के फेरे बढ़ाकर 13 कर दिए गए हैं। यह सेवा 23 फरवरी से 7 मार्च 2026 के बीच संचालित होगी।

 

रेलवे प्रशासन के अनुसार इन विशेष ट्रेनों में एसी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पहले समय-सारिणी की पुष्टि अवश्य कर लें और अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों का उपयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts