हल्द्वानी में डबल मर्डर से सनसनी, गल्ला मंडी परिसर में युवक और युवती के शव बरामद

उत्तराखंड के नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गल्ला मंडी परिसर के अंदर एक युवक और एक युवती के शव बरामद हुए। इस डबल मर्डर की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ और कोतवाल सहित भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

मंडी परिसर के अंदर शव मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

फिलहाल मृत युवक और युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस दोनों की पहचान करने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों मंडी परिसर में कैसे पहुंचे और हत्या के पीछे की वजह क्या हो सकती है।

हल्द्वानी के इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे जिले में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, ताकि जल्द से जल्द इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हो सके।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts