खराब सड़क बनी काल: सराईखेत मार्ग पर पिकअप हादसा, पांच की हालत नाजुक

अल्मोड़ा: जिले के सल्ट इलाके में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल सात लोग सवार थे।

 

हादसे के वक्त दो यात्री वाहन से बाहर छिटक गए, जिन्हें मामूली चोटें आईं। जबकि पिकअप के भीतर फंसे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

जानकारी के अनुसार, डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क काफी खराब स्थिति में है। इसी दौरान सामने से आ रही बस को साइड देने की कोशिश में चालक संतुलन खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए देवायल सल्ट पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बाद में हायर सेंटर रेफर करते हुए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया।

 

गंभीर घायलों में चालक साकम सिंह (35 वर्ष) निवासी सराईखेत, राजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी केलाखेड़ा उधमसिंहनगर, सुभाष (19 वर्ष) निवासी नेपाल, चंद्रसेन सैनी (41 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर और विजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर शामिल हैं।

 

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने मार्ग की मरम्मत की मांग उठाई है।

 

पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में खराब सड़कों और संकरे मार्गों से जुड़े जोखिम को सामने लाता है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts