उत्तराखंड में इस दिन से बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में कोहरे का अलर्ट 

देहरादून।

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 31 जनवरी को राज्य के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम के अचानक बदलने के आसार जताए गए हैं। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की प्रबल संभावना बनी हुई है।

 

मैदानी इलाकों में कोहरे का कहर, दृश्यता होगी कम

मौसम विभाग के अनुसार, आज ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है। सुबह और देर रात कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

 

1 फरवरी से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 1 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड में सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जबकि पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी देखने को मिलेगी।

 

चार दिन तक खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 फरवरी से 4 फरवरी तक राज्य में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान पहाड़ी जिलों में लगातार बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

 

ऊंचाई वाले इलाकों में अब भी जमी है बर्फ

पिछले चार दिनों से पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, चमोली के बद्रीनाथ धाम और औली, रुद्रप्रयाग के चोपता और उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम में बर्फ जमी हुई है। मौसम साफ होने के दौरान इन इलाकों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा भी देखा जा रहा है।

 

आज का तापमान रहेगा ऐसा

मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। सुबह और शाम ठंड का असर बना रहेगा। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन बादलों के कारण धूप कमजोर महसूस हो सकती है।

 

आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान

 

1 फरवरी:

उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के कई इलाकों में, जबकि देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना।

 

2 फरवरी:

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ 2800 मीटर से ऊपर बर्फबारी के आसार। अन्य जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

 

3 फरवरी:

राज्य के सभी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तेज हो सकती है।

 

यात्रियों के लिए मौसम विभाग की अहम सलाह

मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड व फिसलन को देखते हुए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts