कांवड़ पटरी पर गंदी हरकतें करते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, महिलाओं के वीडियो से खुली पोल,

हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में मॉर्निंग और इवनिंग वॉक पर निकलने वाली महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले कई दिनों से उसकी गतिविधियों से स्थानीय महिलाएं परेशान थीं और लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं।

 

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रभाकर मिश्रा निवासी मकतूलपुरी, थाना गंगनहर के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह नियमित रूप से रविवार के दिन कनखल पहुंचता था और कांवड़ पटरी तथा सिंहद्वार के पास नहर किनारे टहलने वाली महिलाओं और युवतियों को देखकर अशोभनीय इशारे करता था। उसकी इन हरकतों से महिलाएं असुरक्षित और असहज महसूस कर रही थीं।

 

स्थानीय महिलाओं ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि आरोपी सुबह-शाम सैर के दौरान उन्हें निशाना बनाता है। खासतौर पर सुनसान स्थानों पर वह बार-बार दिखाई देता और आपत्तिजनक इशारे करता था। हाल के दिनों में उसकी गतिविधियां बढ़ने से महिलाओं में आक्रोश था।

 

शिकायत मिलने के बाद कनखल थाना पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और टीमों को सक्रिय किया। बीते रविवार देर शाम आरोपी फिर से कांवड़ पटरी पर पहुंचा और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र हरकतें करने लगा। इस दौरान कुछ महिलाओं ने साहस दिखाते हुए उसकी करतूत का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

 

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी इस तरह की हरकतों में शामिल रहा है। करीब एक माह पूर्व उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह महिलाओं के प्रति अभद्र इशारे करता दिखाई दिया था। उस समय भी कुछ युवतियों ने उसकी वीडियो बनाकर शिकायत की थी।

 

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है और इस प्रकार की हरकतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts