ऋषिकेश–देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में पत्थर और मलबा नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रहा एक ट्रक आ गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक चालक की मौके पर ही जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 03:05 बजे भूस्खलन की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ढालवाला की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। ट्रक संख्या यूके12सी-ए0971 पर ऊपर से गिरे मलबे के कारण चालक केबिन के भीतर ही दब गया था।
एसडीआरएफ ढालवाला के प्रभारी निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष), पुत्र दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, जनपद चमोली के रूप में हुई है।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई जारी है।



