विष्णु घाट पर आधी रात आग का तांडव, सिलेंडर धमाके से दहला हरिद्वार

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्त क्षेत्र विष्णु घाट के समीप सोमवार देर रात अचानक आग भड़क उठी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां खानपान से जुड़ी तीन दुकानें भीषण आग की चपेट में आ गईं। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब एक बजे दुकानों से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि एक दुकान में रखा छोटा एलपीजी सिलेंडर धमाके के साथ फट गया, जिसके बाद लपटें तेजी से फैल गईं। संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

 

सिलेंडर विस्फोट के बाद आग पास स्थित होटल हरि निवास और राज होटल तक पहुंच गई। दोनों होटलों की दूसरी मंजिल तक लपटें दिखाई दीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू करते हुए नजदीकी होटलों में ठहरे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही दुकानों में रखे चार अन्य गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया।

 

गनीमत रही कि घटना के समय बाजार बंद था और कोई जनहानि नहीं हुई। यदि यह हादसा दिन के समय होता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। आग की लपटों का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित हो रहा है।

 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही मायापुर यूनिट की टीम तुरंत रवाना की गई। तंग मार्गों के बावजूद दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों और होटलों तक फैलने से रोक लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts