मोबाइल शॉप में चलता था फर्जीवाड़े का धंधा, सिडकुल पुलिस ने दबोचा मास्टरमाइंड

हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र में मोबाइल मरम्मत की दुकान की आड़ में फर्जी कागजात तैयार करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पुनीत कुमार (28) पुत्र वेदपाल सिंह, निवासी ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढनपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह रावली महदूद गांव में पिपलेश्वर मंदिर के पास मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान संचालित कर रहा था।

 

सत्यापन अभियान में खुली पोल

 

पुलिस द्वारा बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और कर्मचारियों के सत्यापन अभियान के दौरान यह कार्रवाई सामने आई। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम जब रावली महदूद स्थित उक्त दुकान पर जांच के लिए पहुंची, तो प्रारंभिक पड़ताल में ही संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। गहन तलाशी के दौरान वहां से कई जाली दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।

 

आधार और अंकतालिकाओं में करता था हेरफेर

 

जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर आधार कार्ड में नाम, पता और उम्र में बदलाव कर नई प्रिंट कॉपी तैयार करता था। इसके अतिरिक्त हाईस्कूल की नकली मार्कशीट और अन्य कूटरचित दस्तावेज भी तैयार किए जाते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार फर्जी आधार कार्ड, नौ जाली हाईस्कूल अंकतालिकाएं, एक लैपटॉप और कलर प्रिंटर जब्त किया है।

 

पुलिस के अनुसार, बाहरी राज्यों से सिडकुल क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में रोजगार की तलाश में आने वाले लोगों को स्थानीय पहचान पत्र और प्रमाणपत्रों की आवश्यकता होती थी। आरोपी इसी जरूरत का फायदा उठाकर मोटी रकम वसूलता था।

 

नेटवर्क की भी हो रही जांच

 

अभय प्रताप सिंह, एसपी सिटी हरिद्वार ने बताया कि आरोपी अवैध रूप से पहचान पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार कर आर्थिक लाभ कमा रहा था। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नितेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, हेड कांस्टेबल देशराज तथा कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद और मुकेश की अहम भूमिका रही।

 

पुलिस अब आरोपी के संपर्कों और संभावित नेटवर्क की गहन छानबीन कर रही है, ताकि फर्जी दस्तावेजों के इस अवैध कारोबार की पूरी कड़ी उजागर की जा सके।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts