उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 27–28 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग के तहत संचालित मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश के मौसम को लेकर ताज़ा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इन दो दिनों के दौरान कहीं भी वर्षा या हिमपात की संभावना नहीं जताई गई है।

 

हालांकि, शुक्रवार 27 फरवरी से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग ने जानकारी दी है कि गढ़वाल मंडल के सीमांत जिलों उत्तरकाशी और चमोली में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। इन जिलों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के आसार हैं। इसके अलावा कुमाऊं मंडल के सीमावर्ती जिले पिथौरागढ़ में भी इसी दिन हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है। प्रदेश के शेष 10 जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है।

 

फरवरी महीने का समापन भी बदले हुए मौसम के साथ होने की संभावना है। शनिवार 28 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात की स्थिति बन सकती है। अन्य जिलों में मौसम स्थिर बना रहेगा।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मार्च की शुरुआत अपेक्षाकृत सामान्य रहेगी। 1 और 2 मार्च को पूरे राज्य में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है। फिलहाल इन तिथियों के लिए वर्षा या बर्फबारी का कोई संकेत नहीं है।

 

तापमान के संदर्भ में विभाग ने बताया है कि अगले दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी का रुझान देखा जा सकता है। आगामी तीन से चार दिनों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts