Bank of India Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बैंक ऑफ इंडिया (BOI) ने विभिन्न विशेषज्ञ अधिकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के तहत स्केल-I से लेकर स्केल-IV तक कुल 205 पदों को भरा जाएगा। खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार ₹1.20 लाख रुपये प्रतिमाह से अधिक का वेतनमान मिल सकता है। भर्ती में आईटी, डिजिटल बैंकिंग, साइबर सिक्योरिटी, लॉ, फायर और सिक्योरिटी समेत कई क्षेत्रों के उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा।
Bank of India Recruitment 2026: कब शुरू होंगे आवेदन?
बैंक ऑफ इंडिया भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों को बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 10 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 25 सितंबर 2026
- कुल पद: 205
Bank of India Vacancy 2026: किस स्केल में कितने पद?
बैंक ऑफ इंडिया ने स्केल-I से स्केल-IV तक विभिन्न विशेषज्ञ पदों के लिए भर्ती निकाली है। पदों का विवरण इस प्रकार है—
| स्केल | पदों की संख्या |
|---|---|
| स्केल IV | 10 |
| स्केल III | 49 |
| स्केल II | 118 |
| स्केल I | 28 |
| कुल पद | 205 |
स्केल-IV में चीफ मैनेजर के पद
स्केल-IV के अंतर्गत कुल 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें फुल-स्टैक इंजीनियरिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सप्लाई चेन टेक्नोलॉजी, डिजिटल बैंकिंग ऑपरेशन्स और इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
प्रमुख पदों में चीफ मैनेजर फुल-स्टैक इंजीनियरिंग के 2 पद, डिजिटल प्लेटफॉर्म का 1 पद, सप्लाई चेन (ट्रेड फाइनेंस टेक्नोलॉजी) का 1 पद, डिजिटल बैंकिंग ऑपरेशन्स के 2 पद और इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के 2 पद शामिल हैं।
स्केल-III में 49 सीनियर मैनेजर पद
स्केल-III के तहत कुल 49 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें फुल-स्टैक इंजीनियरिंग के सबसे अधिक 12 पद हैं। इसके अलावा डेटा इंजीनियरिंग, एपीआई गवर्नेंस एवं सिक्योरिटी, देवसेकऑप्स इंजीनियरिंग, डेटाबेस एडमिनिस्ट्रेशन और इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी से जुड़े पद भी शामिल हैं।
आईटी और साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।
स्केल-II में सबसे ज्यादा 118 पदों पर भर्ती
बैंक ऑफ इंडिया भर्ती 2026 में सबसे अधिक 118 पद स्केल-II के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन पदों पर तकनीकी विशेषज्ञों के साथ-साथ लॉ ऑफिसर, फायर ऑफिसर और सिक्योरिटी ऑफिसर की भी नियुक्ति की जाएगी।
स्केल-II में प्रमुख पदों में फुल-स्टैक इंजीनियरिंग के 18 पद, इंफ्रास्ट्रक्चर ऑपरेशन्स के 12 पद, एप्लीकेशन सपोर्ट और ऑपरेशन्स के 11 पद, लॉ ऑफिसर के 10 पद और सिक्योरिटी ऑफिसर के 10 पद शामिल हैं। इसके अलावा इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी, डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में भी नियुक्तियां होंगी।
स्केल-I में युवाओं के लिए 28 पद
स्केल-I के तहत कुल 28 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें फुल-स्टैक इंजीनियरिंग, एप्लीकेशन सपोर्ट एंड ऑपरेशन्स, डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग, क्यूए एवं टेस्ट इंजीनियरिंग और इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी से जुड़े पद शामिल हैं।
यह भर्ती खासतौर पर बैंकिंग सेक्टर में तकनीकी और विशेषज्ञ अधिकारी के रूप में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका है।
Bank of India Recruitment 2026: क्या है शैक्षणिक योग्यता?
बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। सामान्य तौर पर उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में BE, BTech, MTech, MCA, MSc या स्नातक डिग्री होना आवश्यक है।
कई पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में निर्धारित अवधि का कार्य अनुभव भी अनिवार्य किया गया है। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले जिस पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उसकी विस्तृत पात्रता और अनुभव की शर्तों को ध्यानपूर्वक जांच लें।
आयु सीमा क्या है?
बैंक ऑफ इंडिया भर्ती 2026 में पद के अनुसार आयु सीमा अलग-अलग निर्धारित की गई है।
- न्यूनतम आयु सीमा: 21 से 32 वर्ष
- अधिकतम आयु सीमा: 30 से 42 वर्ष
- आयु की गणना: 1 अगस्त 2026 के आधार पर
- आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
बैंक ऑफ इंडिया विभिन्न विशेषज्ञ अधिकारी पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में कर सकता है। चयन प्रक्रिया में आवेदनों की जांच और शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन शामिल हो सकते हैं।
बैंक पद और आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा और/या व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित कर सकता है। अंतिम चयन संबंधित पद की चयन प्रक्रिया और उम्मीदवार के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
ये भी पढ़े :
- बदहाली : तिल-तिल कर दूषित पानी पीकर मरने को मजबूर इस गांव के लोग
- बड़ी खबर : खरगे की रैली के बाद मंच शुद्धिकरण पर गरमाई सियासत ,भाजपा विधायक बोले- कांग्रेस खेल रही जातिवाद का कार्ड
- बड़ी खबर : चार मुख्यमंत्रियों की घोषणा के बाद भी अधर में यमुना पंपिंग पेयजल योजना
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को उनके प्रबंधन ग्रेड के अनुसार आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा।
| ग्रेड | वेतनमान |
|---|---|
| JMGS-I | ₹48,480 से ₹85,920 |
| MMGS-II | ₹64,820 से ₹93,960 |
| MMGS-III | ₹85,920 से ₹1,05,280 |
| SMGS-IV | ₹1,02,300 से ₹1,20,940 |
इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों को बैंक के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
ऑनलाइन आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
- सामान्य / ओबीसी / ईडब्ल्यूएस: ₹1,180
- एससी / एसटी / पीडब्ल्यूडी: ₹175
Bank of India Recruitment 2026: कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित भर्ती लिंक पर क्लिक कर सकते हैं। उम्मीदवारों को पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा और इसके बाद आवश्यक व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। निर्धारित दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन शुल्क जमा करने के बाद आवेदन पत्र को अंतिम रूप से सबमिट करना होगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की विस्तृत अधिसूचना ध्यान से पढ़ें। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और आयु सीमा में अंतर हो सकता है।
Bank of India Recruitment 2026 उन उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो बैंकिंग सेक्टर में विशेषज्ञ अधिकारी के तौर पर करियर बनाना चाहते हैं। 205 पदों पर होने वाली इस भर्ती में तकनीकी, साइबर सिक्योरिटी, कानून, फायर और सुरक्षा क्षेत्र के योग्य अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा।


