उत्तराखंड में दो अलग-अलग सड़क हादसे, दो लोगों की मौत, एक बच्ची गंभीर रूप से घायल

उत्तराखंड के हरिद्वार और रुद्रप्रयाग जिलों में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक नाबालिग लड़के और एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई।

हरिद्वार जिले में ट्रक की टक्कर से भाई-बहन हादसे का शिकार

यह घटना हरिद्वार जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में हुई। प्रहलादपुर गांव के रहने वाले संदीप शर्मा के 13 वर्षीय बेटे अंशुमन और 12 वर्षीय बेटी मीठू लक्सर में एक निजी स्कूल में पढ़ाई करते हैं।

मंगलवार 16 दिसंबर की सुबह दोनों भाई-बहन रोज की तरह स्कूटी पर लक्सर स्कूल जा रहे थे। गोवर्धनपुर कस्बे में पहुंचते ही गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को अस्पताल ले गए। अस्पताल में अंशुमन की मौत हो गई, जबकि मीठू की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया कि ट्रक मालिक को बुलाया गया है और तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके आगे की जांच की जाएगी।

रुद्रप्रयाग में बाइक खाई में गिरी, युवक की मौके पर मौत

रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी-कालीमठ मोटर मार्ग पर भी एक दर्दनाक दुर्घटना हुई। कविल्ठा गांव निवासी 32 वर्षीय मनोज रावत बाइक से कालीमठ मंदिर की ओर जा रहे थे। विद्यापीठ से करीब दो किलोमीटर आगे उनकी बाइक सड़क से लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट किया गया। ऊखीमठ तहसील की डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मनोज रावत की मौत हो चुकी थी। टीम ने स्ट्रेचर की सहायता से शव को सड़क तक लाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेज दिया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। बाइक के खाई में गिरने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts