नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छा जाने से दृश्यता बेहद कम हो गई है। विजिबिलिटी कई जगहों पर 100 मीटर से नीचे दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और हवाई तथा रेल सेवाओं पर गहरा असर पड़ा। प्रदूषण के साथ मिलकर कोहरे ने दिल्लीवासियों के लिए सुबह को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
उड़ानों पर भारी असर, यात्री परेशान
उत्तर भारत में बढ़ती ठंड और घने कोहरे ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है, जहां कोहरे के कारण कुल 152 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। गुरुवार को खराब दृश्यता से 27 उड़ानें प्रभावित हुई थीं, जिनमें 16 प्रस्थान और 11 आगमन वाली फ्लाइट्स थीं। आज सुबह से ज्यादातर विमान निर्धारित समय से देरी से उड़े और कई को रनवे पर लंबा इंतजार करना पड़ा। ट्रेनें भी धीमी गति से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा और शेड्यूल में बदलाव का सामना करना पड़ रहा है।
CAT-III सिस्टम से संचालन, लेकिन देरी जारी
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, कम दृश्यता में उड़ानें CAT-III तकनीक के जरिए संचालित की जा रही हैं, जो सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ की सुविधा प्रदान करती है। फिर भी मौसम की वजह से देरी और रद्दीकरण की आशंका बनी हुई है। प्रबंधन ने यात्रियों से धैर्य रखने और सहयोग करने की गुजारिश की है।

यात्रियों की मदद के लिए सभी टर्मिनलों पर ग्राउंड स्टाफ, हेल्प डेस्क और सूचना दल तैनात किए गए हैं। लगातार घोषणाएं और डिजिटल डिस्प्ले से फ्लाइट अपडेट साझा किए जा रहे हैं। एयरलाइंस ने सलाह दी है कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति वेबसाइट, ऐप या सोशल मीडिया पर जरूर जांच लें।
उड्डयन मंत्रालय और इंडिगो की एडवाइजरी
हवाई सेवाओं पर असर को देखते हुए उड्डयन मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि उत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों में कोहरे से एयरपोर्ट संचालन प्रभावित हो सकता है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरलाइंस से संपर्क बनाए रखें, आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर अपडेट देखें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें। एयरपोर्ट पर सहायता के लिए पैसेंजर सुविधा टीमें उपलब्ध हैं।

इंडिगो एयरलाइंस ने भी अलग से यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घने कोहरे के बीच दिल्ली में जनजीवन प्रभावित है और आने वाले दिनों में भी ऐसी स्थिति बनी रह सकती है।



