निदेशालय बवाल में अब विधायक के गनर की एंट्री, अज्ञात पर केस दर्ज

ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में गुरुवार को हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पहले जहां निदेशक अजय कुमार नौडियाल की शिकायत पर रायपुर थाने में रायपुर से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, वहीं अब विधायक के सुरक्षाकर्मी की ओर से भी अज्ञात व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने दूसरी तहरीर के आधार पर भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

विधायक के गनर सुधीर बहुगुणा ने अपनी शिकायत में बताया कि विधायक दोपहर लगभग 12:30 बजे एक विद्यालय का नाम भूमिदानकर्ताओं के नाम पर रखने संबंधी पत्र की प्रगति जानने तथा शासन को भेजी गई फाइल की प्रति लेने निदेशालय पहुंचे थे। आरोप है कि उनके पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोगों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन विधायक की दिशा में फेंका गया, जो पास से गिरते हुए किसी अन्य व्यक्ति को लगा। इसके बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

 

तहरीर में कहा गया है कि कुछ लोगों ने सरकार और मुख्यमंत्री के विरोध में नारे लगाए और भीड़ को उकसाने की कोशिश की। यह भी आरोप है कि अफरातफरी के बीच कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया, जिससे विधायक और सुरक्षाकर्मी अंदर ही फंस गए। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ व्यक्तियों ने कुर्सियां उठाकर फेंकनी शुरू कर दीं। बाद में सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह विधायक को बाहर निकालकर वाहन तक पहुंचाया।

 

शिकायत में पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित बताया गया है। रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने पुष्टि की है कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद से निदेशालय परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है तथा दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts