चैंपियन से सहानुभूति दिखा बुरे फंसे विधायक महेंद्र भट्ट

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी की हिम्मत से छह वर्ष के लिए निष्कासित किए गए खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर सहानुभूति दिखाने वाले बद्रीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट लोगों के निशाने पर आ गए हैं।


कल दोपहर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के निष्कासन का आदेश जारी होने के बाद शाम 8:06 बजे विधायक महेंद्र भट्ट ने सोशल मीडिया में जो पोस्ट की, वह उनके लिए गले की फांस बन गया है। महेंद्र भट्ट ने आखिर में चैंपियन की भाजपा से विदाई पर जो सहानुभूति लिखी कि मुझे भी बुरा लगता है जब कोई अपना साथी परिवार से बाहर होता है। महेंद्र भट्ट द्वारा उस चैंपियन के पक्ष में सहानुभूति की ये बातें तब किसी के गले नहीं उतरी, जबकि चैंपियन उत्तराखंड को मां-बहिन की गालियां देने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी से छह वर्ष के लिए बाहर किए गए।


सोशल मीडिया में लोगों ने महेंद्र भट्ट को उन्हीं की वाल पर जाकर इतनी बुरी तरह गरियाया कि महेंद्र भट्ट एक-एक का जवाब देकर परेशान हो गए। लोगों ने महेंद्र भट्ट को चैंपियन का साथी बताने के साथ-साथ यह भी लिखा कि महेंद्र भट्ट के भीतर न तो कोई स्वाभिमान बचा है और न ही अपने प्रदेश के प्रति कोई जिम्मेदारी का भाव। किसी ने उन्हें चैंपियन का चमचा कहा तो कुछ लोगों ने लिखा कि महेंद्र भट्ट ने नशे की हालत में यह पोस्ट लिखी है।


यही नहीं महेंद्र भट्ट के रिश्तेदारों ने भी महेंद्र भट्ट को इस मसले पर इतनी बुरी तरह लताड़ा है कि कल तक जो गुस्सा चैंपियन के प्रति था, वह आज महेंद्र भट्ट पर उतारा जा रहा है।
देखना है कि अब महेंद्र भट्ट अपने बचाव में क्या रास्ता ढूंढते हैं।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts