देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े एक गंभीर विवाद ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, एक 21-22 वर्ष की युवती डेढ़ साल से एक मुस्लिम युवक के साथ रह रही थी। लेकिन कुछ दिनों से युवक द्वारा युवती पर हाथ उठाने की घटनाओं के बाद उनके बीच प्रेम संबंध तनावपूर्ण हो गए।
युवती ने खुद एक वीडियो जारी कर युवक और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जब युवक ने युवती से मारपीट की, तब युवती ने युवक के अभिभावकों को बुलाया, लेकिन उन्होंने मामले में दखल देने से इंकार कर दिया। इसके बाद युवती अपने छोटे भाई-बहन और मां के साथ युवक के घर पहुंची।
बताया गया है कि युवक की बहन ने युवती के चरित्र पर अपशब्द कहे। युवती के भाई ने इसका विरोध किया तो बहन ने उसके बाल खींचे। इस पर पीड़ित के भाई ने बहन को थप्पड़ जड़ दिया। बौखलाई युवक की मां ने भीतर से चाकू निकाल लिया और पीड़ित के भाई के सिर की तरफ वार किया। बचाव करते हुए पीड़ित के भाई का हाथ चाकू पर लगा।
इस बीच झगड़ा बढ़ता देख मोहल्ले के लोग भी जमा हो गए और धमकाते हुए कहा कि यह मुस्लिम इलाका है और यहां से आसानी से नहीं जा सकते।
युवती का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संभावना है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों में भी गुस्सा देखा जा रहा है। कई लोग इस तरह के रिश्तों की निंदा करते हुए दोनों पक्षों को कड़ी चेतावनी दे रहे हैं।
