श्रीनगर (गढ़वाल): जयप्रकाश नौगाई
पौड़ी जनपद में नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ० मेघना असवाल के प्रथम आगमन पर उनका जोरदार स्वागत व अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान (श्रीनगर) के ब्रांड एम्बेसेडर डॉ० बी० पी० नैथानी, श्रीमती मंजू नैथानी, , डॉ० गरिमा नैथानी एवं निर्मला भट्ट ने उन्हें पुष्पगुच्छ व अभिनन्दन पत्र देकर सम्मानित किया।
डॉ० बी० पी० नैथानी एवं उनकी स्वछता टीम ने डॉ० मेघना असवाल की पूर्व सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और कुशल प्रशासनिक क्षमता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि डॉ० असवाल ने इससे पूर्व पौड़ी जिला चिकित्सालय, उपजिला चिकित्सालय प्रेमनगर मैं गायनोलॉजिस्ट के साथ-साथ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के रूप मेंतथा कोरोनेशन अस्पताल देहरादून में अपनी सराहनीय सेवाएँ दी हैं।
विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा तथा जलवायु परिवर्तन के गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं पर पड़ने वाले प्रभावों पर उनके द्वारा किए गए शोध एवं कार्यों को रेखांकित किया गया।
इस मौके पर स्वछता टीम के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ० मेघना असवाल के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार होगा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ को भी एक नई दिशा व गति मिलेगी।
डॉ० असवाल के CMO पद का कार्यभार ग्रहण करने पर बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी, बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप श्री पांथरी, बार एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी एवं पूर्व महासचिव विकास पंत ने भी अपनी प्रसन्नता प्रकट करते हुए उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।







