आराकोट/उत्तरकाशी, 18 जून 2026
रिपोर्ट -नीरज उत्तराखंडी
विकासखंड मोरी के आराकोट बंगाण क्षेत्र की पिंगल पट्टी केअंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत गमरी–मैजणी मोटर मार्ग के किमी 5 से किरोली मोटर रोड का डामरीकरण कार्य का भूमि पूजन एवं उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। 19 करोड़ 68 लाख 54 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 14.300 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना से क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक दुर्गेश लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और परियोजना का शुभारंभ किया।
यह सड़क मार्ग गमरी, डेलून, पावली, भूटाणू, मैंजणी और किरोली सहित आसपास के गांवों को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करेगा। लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क के डामरीकरण की मांग कर रहे थे।
सड़क की स्थिति बेहतर होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ कृषि और बागवानी उत्पादों के परिवहन में भी बड़ी राहत मिलेगी।
सेब उत्पादकों को होगा बड़ा लाभ
आराकोट बंगाण क्षेत्र अपनी उच्च गुणवत्ता वाले सेब उत्पादन क्षमता के लिए जाना जाता है। इस सड़क मार्ग से जुड़े गांवों में प्रतिवर्ष लगभग 90 हजार बॉक्स सेब का उत्पादन होता है। सड़क के डामरीकरण से सेब उत्पादकों को अपनी उपज समय पर मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे परिवहन लागत कम होगी और फलों की गुणवत्ता भी सुरक्षित रहेगी।
स्थानीय काश्तकारों का कहना है कि खराब सड़क के कारण उन्हें वर्षों से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। सड़क निर्माण से कृषि और बागवानी आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
500 परिवारों और 2500 से अधिक लोगों को लाभ
परियोजना से क्षेत्र की पिंगल पट्टी की तीन ग्राम पंचायतें भूटाणू ,मैंजणी और पावली की लगभग 500 परिवारों और 2500 से अधिक ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। सड़क के बेहतर होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
शहीद दिनेश रावत के नाम से जुड़ा है मार्ग
गमरी–मैजणी–किरोली मोटर मार्ग क्षेत्र के वीर सपूत शहीद दिनेश रावत की स्मृति में जाना जाता है। सड़क के सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण से न केवल क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, बल्कि शहीद के नाम से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग को नई पहचान भी मिलेगी।
विधायक दुर्गेश लाल का उद्बोधन
विधायक दुर्गेश लाल ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में शहीद दिनेश रावत मोटर मार्ग के 5 किलोमीटर डामरीकरण कार्य के लिए राज्य सेक्टर से 3.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व में विभिन्न चरणों में प्रतिनिधित्व करने वाले जनप्रतिनिधियों द्वारा इस सड़क को योजनाओं में शामिल नहीं कराया गया था, लेकिन उनके प्रयासों से इस मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) में सम्मिलित कराया गया।
उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए लगभग 22 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी।
#विधायक ने लुहासू सड़क के विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
#पावली गांव में बारातघर, खेल मैदान निर्माण की मांग पर विधायक ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की इन महत्वपूर्ण आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने नरसिंह और कैलाश मंदिर क्षेत्र के विकास हेतु विधायक निधि से 6 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
अंत में विधायक ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है तथा भविष्य में भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
ग्रामीणों ने परियोजना के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोरी प्रेम चौहान, कनिष्ठ प्रमुख कमलेश रावत, ठेकेदार अमित जोशी, अर्जुन सिंह, राजेंद्र सिंह राणा, सीता राम नौटियाल, प्रधान मैंजणी बलबीर सिंह रावत, प्रधान भुटाणू अतुल चौहान, प्रधान पावली किरोली मोहित सोनी, रधुबीर सिंह पंवार, परमेश्वरी रावत, दौलत सिंह रावत, पवन राणा,संजय रावत, विपेंद्र नेगी, परमजीत, हरदेव राणा, नितेश नौटियाल, रविन्द्र चौहान, राजेश प्रदीप, सुमन रावत, मनोज, यशपाल रावत, अमर सिंह रावत, कल्याण सिंह रावत, गजेन्द्र राष्ट्र वादी, सोहन, अवर अभियंता पीएमजीएसवाई पुरोला प्रताप सिंह चौहान सहित ग्रामीण मौजूद रहे।





