नैनीताल।
राजस्व अधिभार जमा करने में लापरवाही बरतने वाले शराब कारोबारियों पर आबकारी विभाग अब सख्ती दिखाने की तैयारी में है। कुमाऊँ मंडल में ऐसे 60 शराब दुकानदारों की पहचान की गई है जिन्होंने अब तक निर्धारित अधिभार की राशि सरकारी खाते में जमा नहीं कराई है। विभाग ने इन सभी को 7 फरवरी तक का अंतिम अवसर दिया है।
संयुक्त आबकारी आयुक्त के.के. कांडपाल के अनुसार, कुमाऊँ मंडल में वर्तमान में देसी और विदेशी मदिरा की कुल 351 दुकानें संचालित हो रही हैं। चालू वित्तीय वर्ष के लिए इन दुकानों से मार्च माह तक 875 करोड़ रुपये के राजस्व संग्रह का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं जनवरी महीने के अंत तक 717 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया था।
हालांकि अब तक 708 करोड़ रुपये का ही राजस्व प्राप्त हो पाया है। जांच में सामने आया है कि 60 दुकानदारों द्वारा अधिभार की राशि जमा नहीं कराई गई है, जिसके चलते लगभग 9 करोड़ रुपये का राजस्व बकाया है।
संयुक्त आबकारी आयुक्त ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे 7 फरवरी तक अपनी बकाया राशि जमा करें। तय समय सीमा के भीतर भुगतान न होने की स्थिति में आबकारी नीति के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को मार्च तक हर हाल में पूरा किया जाएगा और जो भी दुकानदार नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।



