विकासनगर/भीमावाला, 2 अक्टूबर 2026।
स्वैच्छिक संस्था ‘समता’ के 40वें स्थापना दिवस समारोह में शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में योगदान के लिए पत्रकार नीरज उत्तराखंडी को ‘शिक्षक सारथी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह के हाथों प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद नीरज उत्तराखंडी ने संस्था के निदेशक एवं समस्त समता परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नब्बे के दशक में उन्होंने समता संस्था के साथ करीब 12 वर्षों तक चकराता और पुरोला विधानसभा क्षेत्रों के सुदूरवर्ती गांवों में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक से पत्रकारिता तक के उनके सफर में समता संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्था से मिले मार्गदर्शन और अनुभव ने उनके आगे के सामाजिक एवं पत्रकारिता जीवन को दिशा देने में योगदान दिया।
उन्होंने कहा, “अपनी माटी में अपनों के बीच क्षेत्र के विधायक प्रीतम सिंह के हाथों सम्मानित होना मेरे लिए विशेष खुशी और भावनात्मक क्षण है।”
इस अवसर पर उन्होंने अपने जीवन-सफर को कुछ पंक्तियों के माध्यम से भी साझा किया—
“न स्वयं को उछाला,
न किसी को गिराया,
कटा सफर जिंदगी का
मगर धीरे-धीरे।
लोग जहां पहुंचे छलांग लगाकर,
हम भी वहां पहुंचे
मगर धीरे-धीरे।”
समता के 40वें स्थापना दिवस समारोह में संस्था से जुड़े पूर्व शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में संस्था के कार्यों, शिक्षा के क्षेत्र में उसके चार दशक के योगदान और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा हुई।


