उत्तरकाशी।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मल्ला क्षेत्र के समीप बीआरओ का रोडी-बजरी से लदा ओवरलोड डंफर वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है, जब बीआरओ का डंफर बैक किया जा रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान ट्रक चालक 39 वर्षीय सत्येंद्र असवाल निवासी हीना की मौत हो गई। वहीं, 27 वर्षीय जयराम सिंह निवासी सेकू भटवाड़ी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
भटवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी निखिल देव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डंफर बीआरओ का था और उसमें उपखनिज सामग्री ओवरलोड थी। उन्होंने कहा कि पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय नागरिकों की मदद से समय रहते रेस्क्यू किया गया, लेकिन चालक को बचाया नहीं जा सका।
हादसे में चालक की मौत की सूचना मिलते ही उनके गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



