एक सप्ताह में दूसरी घटना: भालू के हमले से बचते समय महिला की मौत

उत्तरकाशी। जंगल में घास काटने गई महिलाओं पर एक बार फिर भालू का खतरा मंडरा गया। हीना गांव की 27 वर्षीय अंबिका असवाल पत्नी अंकित असवाल घास लेने अन्य महिलाओं के साथ जंगल गई थीं, तभी झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक हमला करने का प्रयास किया। अचानक खतरा देखकर अंबिका भागने लगीं, लेकिन इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह पहाड़ी से नीचे गिर गईं। गिरने की वजह से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

बताया गया कि बाकी महिलाएं किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचीं और घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतका को गांव लाकर पुलिस व वन विभाग को जानकारी दी। पुलिस एवं वन कर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर यह क्षेत्र में भालू से जुड़ी दूसरी गंभीर घटना है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की ओर से केवल औपचारिकता निभाई जा रही है, और भालू को पकड़ने अथवा नियंत्रण के लिए अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

  • प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। बताया गया कि जांच रिपोर्ट और परिस्थितियों के आधार पर अगर यह मामला भालू हमले की पुष्टि में आता है, तो नियमानुसार मुआवजा व विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
Read Next Article Scroll Down

Related Posts