उत्तराखंड में सभी न्यूज पोर्टल को एक छतरी के नीचे आने का आह्वान

उत्तराखंड न्यूज़ पोर्टल संचालित करने वाले करीब चार दर्जन से अधिक पत्रकारों ने मंगलवार को देहरादून में सामूहिक रूप से एक छतरी के नीचे आने का आह्वान किया। इस मौके पर सभी ने एकजुट होकर कहा कि प्रदेश में एक ही संगठन बनाया जाएगा। इस मौके पर उत्तराखंड के हितों की पैरवी करने के साथ ही पोर्ट्ल से जुड़े पत्रकारों के हितों की रक्षा करने का फैसला भी लिया गया।
मंगलवार को बैठक में पहुंचे दर्जनों पत्रकारों ने कहा कि सबसे पहले पोर्टल पत्रकारों को अपनी भूमिकाओं के बारे में नए सिरे से समीक्षा करनी चाहिए। साथ ही एक सुर में कहा एकजुट होकर कहा कि हम सभी को अपने हितों की लड़ाई लडऩी होगी। सभी पत्रकार इस नतीजे पर एकमत दिखाई दिए कि आज लोग सबसे अधिक और सबसे त्वरित सूचनाएं वेब मीडिया से ही प्राप्त करते हैं, लिहाजा वेब मीडिया पत्रकारों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारियां आ गई है। ऐसे में पत्रकारों को समय रहते अपने लिए आचार संहिता बनानी आवश्यक है, ताकि ज्यादा व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से उत्तराखंड के हितों की रक्षा के लिए अपनी भूमिका निभाई जा सके।
इस मौके पर यह भी चर्चा की गयी कि आज जो भी व्यक्ति न्यूज़ पोर्टल संचालित कर रहे हैं, उनका कोई रिकॉर्ड नहीं है। इसलिए इस बात की आवश्यकता महसूस की गई कि न्यूज़ पोर्टल बनाने के लिए पहले या बाद में राज्य सूचना विभाग अथवा एक नियामक तंत्र के अंतर्गत पंजीकरण अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि राज्य में कितने न्यूज पोर्टल सक्रिय हंै, उनका पूर्ण जानकारी संकलित हो सके।


राज्य सूचना विभाग से विज्ञापनों के लिए एंपैनलमेंट के तौर तरीकों में भी सुधार किए जाने की आवश्यकता महसूस की गई। साथ ही पोर्टल पत्रकारों को मान्यता देने के विषय में भी परिचर्चा की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड के व्यापक जनहित के मुद्दों पर न्यूज पोर्टल के सभी पत्रकार इस बात पर पहले रायशुमारी करेंंगे कि उनका किसी मुद्दे पर क्या दृष्टिकोण है और सभी एक ही दृष्टिकोण से खबरें प्रकाशित करेंगे, ताकि उत्तराखंड के हितों के लिए अपनी भूमिका व्यापक रूप से निभाई जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वेब मीडिया के पत्रकारों का उत्तराखंड में सिर्फ एक ही संगठन होगा और समय-समय पर नए प्रतिनिधियों को चुनाव के माध्यम से चुन लिया जाएगा। देहरादून में जल्द वेब मीडिया पत्रकारों का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर शिव प्रसाद सेमवाल एवं विकास गर्ग सहित करीब 50 पत्रकार साथियों ने बैठक में प्रतिभाग किया।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts