ब्रह्मखाल( उत्तरकाशी) 09 अगस्त 2026/नीरज उत्तराखंडी
उत्तरकाशी जनपद के ब्रह्मखाल क्षेत्र में रविवार को शिवगुफा के समीप बाइक और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक युवक ने ब्रह्मखाल स्थित सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 9 अगस्त को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ब्रह्मखाल स्थित शिवगुफा के पास बाइक और डंपर की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी गेवला (ब्रह्मखाल) पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से सरकारी अस्पताल ब्रह्मखाल पहुंचाया।
हादसे में घायल बबलू पुत्र हीरालाल (32 वर्ष), निवासी 91 खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी ब्लॉक-3, नई दिल्ली की हालत गंभीर थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल संदीप पुत्र गोविंद सिंह (30 वर्ष), निवासी खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी ब्लॉक-3, नई दिल्ली, मूल निवासी ग्राम कोलायटी, जिला चंपावत, उत्तराखंड है। संदीप के हाथ-पैर में सामान्य चोटें आई हैं और उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर संख्या UK07CB1765 के चालक राकेश प्रसाद पुत्र नथीराम (48 वर्ष), निवासी ग्राम वाण, तहसील डुंडा, थाना धरासू, जिला उत्तरकाशी के संबंध में जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल का नंबर DL7SBQ2428 बताया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







