- क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल के प्रयास रंग लाए, कुलाधिपति ने दी सत्र 2026-27 के लिए नवीन अस्थायी संबद्धता की स्वीकृति
उत्तरकाशी। 3 सितंबर 2026, नीरज उत्तराखंडी
बर्नीगाड (कुवा) स्थित राजकीय महाविद्यालय में अब बीकॉम पाठ्यक्रम की पढ़ाई शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति सचिवालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय को बीकॉम की 60 सीटों पर नवीन अस्थायी संबद्धता प्रदान करने की स्वीकृति दे दी है। क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल के प्रयासों से मिली इस उपलब्धि को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।
राज्यपाल/कुलाधिपति सचिवालय की ओर से 2 सितंबर 2026 को जारी आदेश में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव, निरीक्षण मंडल की आख्या तथा कुलपति की संस्तुति के आधार पर बर्नीगाड महाविद्यालय को बीकॉम पाठ्यक्रम में 60 सीटों के लिए शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु नवीन अस्थायी संबद्धता की स्वीकृति दी गई है।
विधायक बोले—क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल ने कहा कि बर्नीगाड महाविद्यालय में बीकॉम की पढ़ाई शुरू होना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसरों के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
बीकॉम पाठ्यक्रम शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही वाणिज्य विषय की उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम होगी।
विधायक ने कहा कि महाविद्यालय में बीकॉम पाठ्यक्रम की स्वीकृति के लिए किए गए प्रयासों को सफलता मिली है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
भवन और पुस्तकालय की व्यवस्था के निर्देश
कुलाधिपति सचिवालय ने विश्वविद्यालय को शासन से समन्वय स्थापित कर महाविद्यालय में आवश्यक भवन निर्माण तथा पुस्तकों की व्यवस्था शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंत तक निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यूजीसी और संबंधित नियामक संस्था के मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विश्वविद्यालय को संबद्धता से संबंधित की गई कार्रवाई की सूचना दो माह के भीतर कुलाधिपति सचिवालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। आगामी सत्रों में संबद्धता का प्रस्ताव तभी स्वीकार किया जाएगा, जब महाविद्यालय निर्धारित मानकों को पूर्ण करेगा।
बीकॉम पाठ्यक्रम की स्वीकृति से बर्नीगाड और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर वाणिज्य विषय में स्नातक शिक्षा का अवसर मिलेगा। इसे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


