टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देवप्रयाग के पास ग्राम पाली में रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के समीप एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी कार
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की वैगनआर कार चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी। देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली में रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे।
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान के दौरान खाई में गिरे तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बागी, देवप्रयाग पहुंचाया गया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी थी। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।






