बर्नीगाड़ में विकास का सेतु: 215 करोड़ की योजनाओं को गति, महाविद्यालय भवन और मिनी स्टेडियम की घोषणा

मुख्यमंत्री धामी बोले—सरकार का लक्ष्य योजनाएं बनाना नहीं, अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना रिपोर्ट -नीरज उत्तराखंडी बर्नीगाड़/उत्तरकाशी, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित सेवा सेतु अभियान के तहत जिलावार शिविर में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के बर्नीगाड़ आगमन को क्षेत्र के लिए विकास की दृष्टि […]

  • मुख्यमंत्री धामी बोले—सरकार का लक्ष्य योजनाएं बनाना नहीं, अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना

रिपोर्ट -नीरज उत्तराखंडी

बर्नीगाड़/उत्तरकाशी, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में आयोजित सेवा सेतु अभियान के तहत जिलावार शिविर में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के बर्नीगाड़ आगमन को क्षेत्र के लिए विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान उन्होंने करीब 215 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के शुभारंभ के साथ क्षेत्र को उच्च शिक्षा की महत्वपूर्ण सौगात दी।

महाविद्यालय का शुभारंभ, स्थायी भवन जल्द

मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का उद्घाटन करते हुए कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। महाविद्यालय शुरू होने से बर्नीगाड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के स्थायी भवन एवं कैंपस के लिए भूमि उपलब्ध हो गई है और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, पुरोला और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत किए जाने की घोषणा भी की।

मिनी स्टेडियम और सड़क निर्माण की घोषणा

मुख्यमंत्री ने राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा करते हुए युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार का संकेत दिया। इसके अलावा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ तक मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा की गई।

डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने की बात कही गई। इन घोषणाओं से क्षेत्र में शिक्षा, खेल और सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

‘सरकार को जनता के बीच पहुंचना होगा’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का काम केवल योजनाएं बनाना और शासनादेश जारी करना नहीं है, बल्कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान इसी सोच का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

स्टॉलों का निरीक्षण, लाभार्थियों को बांटे चेक और उपकरण

मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और पात्र लाभार्थियों तक पहुंच की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु जैसे अभियानों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को कागजों से निकालकर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाना है।

मातृशक्ति और युवाओं के सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब, किसान, युवा, सैनिक और मातृशक्ति का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं सिलाई-बुनाई, हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के जरिए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहल का भी उन्होंने उल्लेख किया।

चारधाम यात्रा, कानून और रोजगार का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सरकार ने सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए हैं। उन्होंने दावा किया कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

युवाओं के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर रोजगार मिला है।

विधायक ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का बर्नीगाड़ आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करीब 215 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास और राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकताओं को सरकार के स्तर पर प्राथमिकता मिल रही है।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जगत सिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह भंडारी, पूर्व विधायक मालचंद, नारायण सिंह चौहान, नवीन ठाकुर, सत्येंद्र राणा, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, किरण रावत, जगमोहन चंद, अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, ममता पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्राचार्य पंकज पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

खास बात यह रही कि बर्नीगाड़ में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान घोषणाओं का फोकस केवल सड़क और भवनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उच्च शिक्षा, खेल सुविधाओं और स्थानीय संपर्क व्यवस्था को भी विकास एजेंडे में प्रमुख स्थान मिला। अब इन घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना ही क्षेत्र की वास्तविक अपेक्षा होगी।

Also Read This

उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्य ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज; हत्या की साजिश का भी दावा

देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जालसाजी, मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने...

अंकिता भंडारी केस: AAP का CBI कार्यालय पर प्रदर्शन, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर उठाए सवाल

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तराखंड ने 15 अक्टूबर को देहरादून में सीबीआई कार्यालय पहुंचकर...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts