देहरादून: अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर चर्चा में आई अभिनेत्री उर्मिला सनावर की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अब देहरादून की नगर कोतवाली में राज्यपाल, भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और एक महिला के खिलाफ कथित आपत्तिजनक व मानहानिकारक आरोपों वाला वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में उर्मिला सनावर के साथ एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
सोशल मीडिया वीडियो को लेकर शिकायत
पुलिस के अनुसार, मोती बाजार निवासी सागर ने शिकायत में बताया कि हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के सामने राज्यपाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और एक महिला को लेकर ऐसे व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं, जिनके समर्थन में कोई न्यायिक आदेश या प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। शिकायत में संबंधित लोगों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने और सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।
BNS की चार धाराओं में मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच निरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है।
पहले से दर्ज मामले में उर्मिला सनावर जेल में
इससे पहले 25 अक्टूबर को हरिद्वार पुलिस ने उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। उन्हें रानीपुर थाने में दर्ज एक अन्य मामले में अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह मामला ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ अब तक करीब 11 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अलग-अलग मामलों में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।






