उत्तरकाशी, 26 अक्टूबर। नीरज उत्तराखंडी
निवेश पर अधिक ब्याज, भारी मुनाफा और कम समय में जमा पूंजी दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से कथित तौर पर 60 से 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को उत्तरकाशी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ज्ञानसू में ‘श्री समृद्धि उत्सव बैंक’ नाम से वित्तीय संस्था संचालित करता था और मामला दर्ज होने के बाद फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, सितम्बर 2026 में संस्था की एक महिला कर्मचारी/मैनेजर की तहरीर पर कोतवाली उत्तरकाशी में आरोपी उत्सव अग्रहरी पुत्र सत्यनारायण अग्रहरी, निवासी वार्ड नंबर 10, नेहरू नगर, सैयदराजा बरहनी, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा BUDS एक्ट की धारा 3, 21(2) और 21(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
तहरीर के मुताबिक आरोपी ने मार्च 2024 में ज्ञानसू, उत्तरकाशी में वित्तीय संस्था शुरू की। लोगों को अधिक ब्याज और जमा धनराशि दोगुनी करने का भरोसा देकर निवेश कराया गया। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफा देकर विश्वास कायम किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों से कथित तौर पर करीब 60–70 लाख रुपये जुटाए गए और आरोपी फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी की लोकेशन ज्वालापुर, हरिद्वार में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 अक्टूबर को ज्वालापुर स्थित किराये के मकान से उत्सव अग्रहरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिलमोहन सिंह, हेड कांस्टेबल नितिन प्रताप और कांस्टेबल ललित प्रसाद शामिल रहे।
उत्तरकाशी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वित्तीय संस्था अथवा निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधता और विश्वसनीयता की जांच करें। कम समय में रकम दोगुनी करने, असामान्य ब्याज या भारी मुनाफे के लालच से बचें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने अथवा आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।






