उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तरकाशी जिले की पुरोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नौगांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को 3.17 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सौली खड्ड के पास चेकिंग में पकड़ा गया युवक
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार सुबह चौकी नौगांव पुलिस की टीम सौली खड्ड के समीप चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 3.17 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अमीन (21) पुत्र संतुलाल, निवासी ग्राम स्योरी, पुरोला, जिला उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी नौगांव उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह रावत, कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और कांस्टेबल प्रियांशु शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चेकिंग और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।





