आरकोट/उत्तरकाशी। 28 नवंबर 2026,रिपोर्ट – नीरज उत्तराखंडी
आराकोट-बंगाण की 2019 की आपदा को सात साल बीत गए, लेकिन आपदा के बाद हुए पुनर्निर्माण का हिसाब अब भी सवालों के घेरे में है। उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड और दस्तावेज बताते हैं कि सड़क, पुल और बाढ़ सुरक्षा के नाम पर विभिन्न विभागों ने बड़े पैमाने पर काम कराए। मगर 2024 में इन्हीं कार्यों की गुणवत्ता और ठेकेदार आवंटन को लेकर शिकायत सामने आने के बाद पांच सदस्यीय जांच समिति बनानी पड़ी। सवाल यह है कि जांच में क्या निकला और कार्रवाई कहां तक पहुंची?
एक ठेकेदार को कई विभागों के काम का आरोप
2024 की शिकायत में PMGSY, लोनिवि, सिंचाई विभाग और टौंस वन प्रभाग के करोड़ों रुपये के अलग-अलग कार्य एक ही ठेकेदार को दिए जाने का आरोप लगाया गया था। जांच के दायरे में मोल्डी-आराकोट, टिकोची, चिंवा-मौंडा, टिकोची-जागटा, टिकोची पुल, जागटा पुल तथा कई बाढ़ सुरक्षा कार्य शामिल थे।
प्रशासन ने जांच समिति तो बना दी, लेकिन अंतिम जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर हुई कार्रवाई का स्पष्ट सार्वजनिक रिकॉर्ड अब तक सामने नहीं आया।
6.51 करोड़ का काम, फिर भी सड़क पर सवाल
सरकारी रिकॉर्ड में आराकोट-चिंवा मार्ग की लंबाई 13.55 किमी दर्ज है। 2026 की रिपोर्ट में विभागीय जानकारी के आधार पर सड़क पर करीब 6.51 करोड़ रुपये खर्च और पांच साल के रखरखाव के लिए 69.09 लाख रुपये की व्यवस्था बताई गई।
लेकिन 2026 में इसी मार्ग पर बार-बार भूस्खलन हुआ। 28 सितंबर को किमी 6, 12, 13 और 14 प्रभावित हुए और सरकारी रिकॉर्ड में 31 लाख रुपये की पुनर्स्थापना लागत दर्ज हुई।
सवाल—करोड़ों के निर्माण में आपदा-रोधी डिजाइन, जल निकासी और पहाड़ी सुरक्षा का कितना ध्यान रखा गया था?
टिकोची में फिर 42 करोड़ का पैकेज
टिकोची-दुचाणु-किराणु-सिरतोली क्षेत्र में भी 2026 में सड़क बाधित होने की घटनाएं दर्ज हैं। इसके बीच 2025 में इसी कॉरिडोर में लगभग 42 करोड़ रुपये के सड़क और पुल संबंधी कार्य शुरू हुए।
यह जरूरी विकास हो सकता है, लेकिन जनता का सवाल जायज है—
पुराने पुनर्निर्माण पर कितना खर्च हुआ था?
उसका परिणाम क्या निकला?
और अब नये करोड़ों के कार्यों में पुरानी कमियों की जिम्मेदारी किसकी तय हुई?
इसाली पुल की फाइल भी खंगालनी होगी
आराकोट के निकट पावर नदी पर 80 मीटर लंबा इसाली सस्पेंशन ब्रिज सरकारी सूची में 1989 निर्मित दर्ज है। 2019 की आपदा के बाद इस पुल पर कितना खर्च हुआ, क्या संरचनात्मक मरम्मत हुई और किस योजना के तहत हुई—इन सवालों का स्पष्ट जवाब सार्वजनिक रिकॉर्ड में नहीं मिलता।
नई सड़क, पुराना हिसाब
2026 में आराकोट सनैल से चींवा-जागटा मोटर मार्ग के प्रथम चरण के निर्माण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी जारी हुई है।
नई सड़क बने—इसका स्वागत है। लेकिन पुराने पुनर्निर्माण का हिसाब भी सामने आए।
जनता पूछ रही है—
2019 के बाद कितना पैसा आया?
किस काम पर कितना खर्च हुआ?
किस ठेकेदार को कितना भुगतान हुआ?
MB में कितना काम दर्ज है?
गुणवत्ता परीक्षण किसने किया?
2024 की जांच रिपोर्ट कहां है?
और सात साल बाद भी सड़कें क्यों टूट रही हैं?
आराकोट-बंगाण को नई घोषणाओं से पहले पुराने पुनर्निर्माण का पूरा हिसाब चाहिए।





