बड़ी खबर: वन विभाग में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने का आरोप, वन दरोगा से लेकर डिप्टी रेंजर तक जांच के घेरे में

देहरादून: उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने की शिकायतें अब वन विभाग में भी सामने आने लगी हैं। शिक्षा विभाग के बाद अब वन विभाग में वन दरोगा, वन आरक्षी और डिप्टी रेंजर की नियुक्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने सख्ती […]

देहरादून: उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने की शिकायतें अब वन विभाग में भी सामने आने लगी हैं। शिक्षा विभाग के बाद अब वन विभाग में वन दरोगा, वन आरक्षी और डिप्टी रेंजर की नियुक्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन आरक्षी को नोटिस, डिप्टी रेंजर पर कार्रवाई की तैयारी

वन विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने की शिकायतों की फेहरिस्त लगातार लंबी होती जा रही है। विभाग की ओर से एक वन आरक्षी को नोटिस जारी किया जा चुका है, जबकि एक डिप्टी रेंजर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।

इसके अलावा दो वन दरोगाओं के खिलाफ भी विभाग को शिकायतें मिली हैं। इनमें से एक वन दरोगा के संबंध में हाल ही में हरिद्वार से शिकायत प्राप्त हुई है, जिस पर विभाग जल्द निर्णय ले सकता है। वहीं, एक अन्य वन आरक्षी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

फर्जी जाति प्रमाणपत्र से लेकर शैक्षिक दस्तावेजों में गड़बड़ी के आरोप

विभाग को मिली शिकायतों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी और सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए गलत शपथपत्र प्रस्तुत करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

ऐसे में नियुक्ति के दौरान प्रस्तुत किए गए शैक्षिक दस्तावेजों के साथ ही आरक्षण का लाभ लेने के लिए लगाए गए प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

आरोप सही पाए जाने पर होगी कठोर कार्रवाई

वन विभाग के सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो के मुताबिक, विभाग को लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं। विभाग इन मामलों को गंभीरता से ले रहा है और कुछ प्रकरणों में नोटिस भी जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मामलों की अलग-अलग जांच कराई जाएगी। यदि जांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नियुक्ति प्रक्रिया पर भी उठे सवाल

उत्तराखंड में इससे पहले शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। जांच के बाद कई शिक्षकों को बर्खास्त भी किया गया है।

अब वन विभाग में लगातार मिल रही शिकायतों ने नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ा सवाल यह है कि नियुक्ति के समय प्रमाणपत्रों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया था और यदि जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी।

फिलहाल सभी की निगाहें विभागीय जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Also Read This

दर्दनाक हादसा: मीटर गहरी खाई में गिरी वैन, सात महिलाओं समेत 8 की मौत, चार घायल

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव...

आराकोट-बंगाण में करोड़ों खर्च, सात साल बाद भी सड़कें बदहाल; पुनर्निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल!

आरकोट/उत्तरकाशी। 28 नवंबर 2026,रिपोर्ट - नीरज उत्तराखंडीआराकोट-बंगाण की 2019 की आपदा को सात साल बीत गए, लेकिन आपदा के बाद हुए पुनर्निर्माण का हिसाब...
Parvatjan Team
Parvatjan Team
Parvatjan Team is dedicated to delivering the latest, accurate, and reliable news from Uttarakhand. We cover local issues, administrative updates, public interest stories, and breaking news in a clear and simple manner.

Related Posts