जन चौपाल में महिला ने लगाई वसूली की शिकायत
उत्तर प्रदेश की बाल विकास एवं पोषण मंत्री और हाथरस जिले की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को आयोजित जन चौपाल में लोगों की समस्याएं सुन रही थीं।
इस दौरान बबीता नाम की एक महिला ने नगर पालिका की एक महिला कर्मचारी पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और कागजात तैयार कराने के नाम पर ढाई हजार रुपये लेने का आरोप लगाया।
मंत्री बोलीं- कागजात बनवाने में भी खर्च होता है
महिला की शिकायत को लेकर जब पत्रकारों ने प्रभारी मंत्री से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यदि किसी लाभार्थी से प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन के कागजात बनवाने के लिए दो-ढाई हजार रुपये लिए गए हैं तो यह भ्रष्टाचार की श्रेणी में नहीं आता, क्योंकि कागजात पूरे कराने होते हैं और उसमें खर्च होता है।
हालांकि, मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी ने रिश्वत के तौर पर रुपये लिए हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मामले में दर्ज हो चुकी है प्राथमिकी
बेबी रानी मौर्य ने बताया कि सदर विधायक अंजुला माहौर के अनुसार संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और जांच चल रही है।
मंत्री के इस बयान के बाद सवाल उठ रहा है कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर ली जाने वाली राशि और रिश्वत के बीच अंतर किस आधार पर तय किया जाएगा।
उत्तराखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं बेबी रानी मौर्य
बेबी रानी मौर्य भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। संगठन में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभाने के बाद वह आगरा की महापौर बनी थीं। इसके बाद उन्हें उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।





