Uttarakhand News: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के 2000 छात्रों ने दिया नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो का संदेश

देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) के करीब 2000 छात्र-छात्राओं और फैकल्टी सदस्यों ने नशे के खिलाफ एक विशाल जनसंदेश रैली निकाली। रैली का उद्देश्य समाज को नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत का संदेश देना था।

नशामुक्त भारत का संकल्प

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा किसी भी रूप में जीवन को अंधकारमय बना देता है। यदि युवा शक्ति ठान ले तो नशामुक्त समाज और नशामुक्त भारत का सपना पूरा हो सकता है। उन्होंने छात्रों को शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा नशे जैसी बुराई से दूर रहने का आह्वान किया।

बार एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों का सहयोग

यह रैली देहरादून बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित की गई थी। इसमें विश्वविद्यालय के छात्रों के अलावा वकीलों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और दूनवासियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। जिला न्यायालय परिसर से रैली की शुरुआत उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल के माननीय न्यायाधीश जस्टिस मनोज तिवारी और बार एसोसिएशन देहरादून के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने हरी झंडी दिखाकर की।

शहर की सड़कों पर गूंजे नारे

जनजागरूकता रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर प्रिंस चैक, राजा रोड, पलटन बाजार, घंटाघर होते हुए गांधी पार्क पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों पर लिखे संदेश और नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया।
रैली में गूंजे प्रमुख नारे:

  • “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”
  • “नशा नहीं, शिक्षा अपनाओ – उज्ज्वल भविष्य बनाओ”
  • “जन-जन का एक ही नारा, नशामुक्त हो देश हमारा”

युवाओं की अहम भूमिका

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने कहा कि नशे के खिलाफ इस जंग में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। यदि युवा स्वयं नशे से दूरी बनाएंगे तो समाज स्वतः स्वस्थ और सशक्त बन जाएगा।

रैली में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। एक सुर में सभी ने नारा लगाया – “नशे को कहें ना” और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts