हादसा: 100 फीट गहरी खाई में गिरी कार। एक की मौत, दो गंभीर घायल

कुमाऊं ब्यूरो रिपोर्ट विशाल सक्सेना 

पिथौरागढ़। जिले के बेरीनाग क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोटमन्या-पांखू मोटर मार्ग पर लोहाथल के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी और एक पेड़ से टकरा कर रुक गई।

हादसे में गोकुल पाठक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक हरीश राम और मनीषा पुत्री बहादुर राम को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बेरीनाग थानाध्यक्ष महेश जोशी और हाईवे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर सड़क तक लाया गया। इसके बाद सीएचसी बेरीनाग में घायलों को भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें रेफर किया गया।

डॉ. सिद्धार्थ पाटनी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी बेरीनाग ने बताया कि दोनों घायल खतरे से बाहर हैं, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर किया गया है। हादसे के बाद थल थाना क्षेत्र की पुलिस भी मौके पर पहुंची और थानाध्यक्ष शंकर रावत ने मृतक का पंचनामा भर कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

मृतक गोकुल पाठक एक निजी कंपनी में गार्ड के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में उनका परिवार हल्द्वानी में निवास करता है। गोकुल के दो छोटे बेटे (उम्र 5 और 9 वर्ष) हैं। वह अपने गांव परिजनों से मिलने आ रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उनकी जीवन लीला समाप्त हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि कार रास्ते में पेड़ से नहीं टकराती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

घायलों का विवरण:

  • हरीश राम, पुत्र खीम राम (उम्र 40 वर्ष), निवासी पांखू सेरा, बेरीनाग

  • मनीषा, पुत्री बहादुर राम (उम्र 24 वर्ष), निवासी नागिलागांव, बेरीनाग

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts