अमन स्वेडिया पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज। मातावाला बाग प्रकरण में हुई कार्रवाई

देहरादून। श्री दरबार साहिब द्वारा संचालित मातावाला बाग पर कब्जा करने के प्रयास और विवादित गतिविधियों के आरोप में अमन स्वेडिया के खिलाफ देहरादून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार देर रात कोतवाली पुलिस ने अमन स्वेडिया पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299, 351(2), 352, और 352(2) के तहत एफआईआर नंबर 0208 दर्ज की। पुलिस द्वारा उसके ठिकानों पर दबिश भी दी गई, लेकिन अमनस्वेडिया फरार बताया जा रहा है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अमन स्वेडिया ने मातावाला बाग क्षेत्र में बिना अनुमति के गतिविधियां शुरू करने का प्रयास किया था। माननीय न्यायालय के स्पष्ट आदेश हैं कि मातावाला बाग परिसर में श्री दरबार साहिब की अनुमति के बिना किसी भी तरह की गतिविधि नहीं की जा सकती। इस आदेश का उल्लंघन करने पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

जानकारी के अनुसार, दो माह पूर्व जिला प्रशासन, देहरादून पुलिस और श्री दरबार साहिब प्रबंधन के बीच बैठक में निर्णय लिया गया था कि अखाड़े और कुश्ती प्रशिक्षण के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाएगी, जिसके लिए मथुरावाला क्षेत्र को चिह्नित किया गया। इसके बावजूद अमन स्वेडिया द्वारा पुरानी जगह पर लौटने का प्रयास किया गया।

श्री दरबार साहिब प्रबंधन ने पहले ही 25 करोड़ की मानहानि का दावा माननीय न्यायालय में दर्ज कराया है, जिस पर कार्यवाही चल रही है। अब पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के बाद अमन स्वेडिया की गिरफ्तारी किसी भी वक्त हो सकती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने या धार्मिक स्थलों पर अवांछनीय गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्री दरबार साहिब प्रबंधन ने देहरादून पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना की है। आने वाले समय में आरोपी की संपत्ति की जांच और अन्य वैधानिक कार्रवाइयों की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts