निजी चैट सार्वजनिक करने पर परिवार ने जताई आपत्ति
अंकिता के माता-पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता ने अंकिता की निजी वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। परिवार का कहना है कि इस तरह निजी बातचीत को सार्वजनिक करना अंकिता की स्मृति और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है।
परिवार की शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। अब मामला हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
15 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सार्वजनिक की गई थीं चैट
गौरतलब है कि 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता की कथित 4,000 से अधिक पन्नों की चैट मीडिया के सामने रखी थी। इस दौरान उन्होंने दावा किया था कि अंकिता की मौत आत्महत्या थी।
विनोद आर्य के इस दावे और निजी चैट सार्वजनिक किए जाने पर अंकिता का परिवार लगातार विरोध जता रहा है। परिजनों ने इसे अंकिता के चरित्र को लेकर सवाल खड़े करने और उनकी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
गांधी पार्क में धरने पर बैठे थे अंकिता के माता-पिता
इससे पहले अंकिता के माता-पिता अपनी मांगों को लेकर देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे थे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर परिवार को समर्थन दिया था।
परिवार ने एक बार फिर अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी एंगल की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई है। इसके साथ ही दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति रोकने की मांग भी उठाई गई है।
जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच पर नजर रहेगी। अंकिता हत्याकांड से जुड़े इन घटनाक्रमों ने एक बार फिर प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज कर दी है।





