उधार से इनकार पर कैफे संचालिका से बदसलूकी, कपड़े फाड़े, लोहे की रॉड से ग्राहक पर हमला

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित मांडूवाला रोड पर एक कैफे में देर रात गंभीर आपराधिक घटना सामने आई। महिला संचालक के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, अभद्रता और मारपीट की गई। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित 8 से 10 अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला, […]

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित मांडूवाला रोड पर एक कैफे में देर रात गंभीर आपराधिक घटना सामने आई। महिला संचालक के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, अभद्रता और मारपीट की गई। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित 8 से 10 अज्ञात युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला, जो मांडूवाला रोड पर कैफे संचालित करती हैं, ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 28 जनवरी की रात लगभग 11 बजे वह अपने प्रतिष्ठान पर मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस के कुछ युवक कार से वहां पहुंचे और सिगरेट-तंबाकू उधार देने की मांग करने लगे। जब उन्होंने उधार देने से मना किया तो युवक आक्रामक हो गए।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने नशे की हालत में गाली-गलौज की और महिला के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उनके कपड़े तक फाड़ दिए। शोर-शराबा सुनकर बाहर मौजूद कुछ ग्राहकों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने पीछे से लोहे की रॉड से एक ग्राहक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।

स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख संचालिका ने स्वयं को और अन्य लोगों को कैफे के भीतर बंद कर लिया तथा डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। महिला का कहना है कि जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित युवक अक्सर शराब के नशे में आकर उधार की मांग करते हैं और मना करने पर अपशब्दों व धमकियों का सहारा लेते हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर लगातार भय बना रहता है।

प्रेमनगर थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि महिला संचालक की शिकायत पर निखिल, सुरजीत, सूरज, लक्ष्मी चंद समेत 8 से 10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।

Also Read This

बड़ी खबर : बीच सड़क महिलाओं और युवकों के बीच मारपीट,वीडियो वायरल 

Haridwar News: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव में महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बीच सड़क पर महिलाओं...

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में छाया ‘कॉलेज के टशनबाज’ का जलवा, गायन-मिमिकरी से छात्रों ने बांधा समां

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में गुरुवार को युवाओं के उत्साह, उमंग, रचनात्मकता और प्रतिभा से भरपूर 'कॉलेज के टशनबाज' कार्यक्रम का भव्य...

Related Posts