बारात में हंगामा: नशे में स्टंट कर रही कार ने बच्चे को मारी टक्कर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

हरिद्वार:

हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के टकाभरी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब बारात में शामिल युवकों द्वारा किए जा रहे स्टंट के दौरान एक कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए बारातियों को घेरकर बंधक बना लिया।

मिली जानकारी के अनुसार लक्सर क्षेत्र के एक गांव से टकाभरी गांव में गुरुवार को एक बारात पहुंची थी। बताया जा रहा है कि बारात में मौजूद कुछ युवक शराब के नशे में थे और बाग के पास कार से स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान सत कुमार का 10 वर्षीय बेटा विशु अचानक कार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और हंगामा करते हुए बारात में आए लोगों को बंधक बना लिया। स्थिति बिगड़ती देख सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग पुलिस की बात सुनने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया और बंधक बनाए गए बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे में घायल बच्चे को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत करा दिया है और गांव में फिलहाल शांति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं और उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts