इस गांव में शराब पर पूरा बैन! शादी-ब्याह में परोसी तो लगेगा ₹25,000 जुर्माना

रण्डोली गांव का ऐतिहासिक फैसला: सार्वजनिक आयोजनों में शराब पूरी तरह बैन, उल्लंघन पर 25 हजार जुर्माना

 

उत्तराखंड के चमोली जिला अंतर्गत गैरसैंण विकासखंड के रण्डोली गांव में ग्रामसभा ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों में मदिरा पर पूर्ण रोक लगा दी है। साथ ही यह भी तय किया गया है कि यदि किसी परिवार द्वारा सामुदायिक आयोजन में शराब परोसी जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

 

ग्राम प्रधान सुनील नेगी और महिला मंगल दल की अध्यक्ष दीपा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में गांव के महिला और पुरुष सदस्यों ने व्यापक भागीदारी की। बैठक में विकास संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा सामुदायिक हित में कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इनमें प्रमुख रूप से गांव में शराब निषेध लागू करने और इसके लिए सख्त प्रावधान तय करने का निर्णय शामिल रहा।

 

ग्रामसभा ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 25,000 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त वन संपदा संरक्षण को लेकर भी ग्रामीणों ने ठोस संकल्प लिया। निर्णय के अनुसार यदि कोई व्यक्ति जंगल में आग लगाने का दोषी पाया जाता है, तो उस पर भी आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

 

बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और एकल विद्यालय से जुड़े कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।

 

ग्राम प्रधान सुनील नेगी ने कहा कि शादी-विवाह और धार्मिक कार्यक्रमों में शराब परोसे जाने से गांव का वातावरण प्रभावित हो रहा था और सामाजिक छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था। इसी पृष्ठभूमि में यह कदम उठाया गया है।

 

महिला मंगल दल अध्यक्ष दीपा देवी ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है और इसे सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जाने लगा है। इससे युवा वर्ग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और अनावश्यक खर्चों से भी राहत मिलेगी, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह एवं अन्य आयोजनों में अतिरिक्त बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।

 

इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रताप सिंह नेगी, पूर्व प्रधान घमंड सिंह नेगी, सरपंच कुंवर सिंह नेगी, ग्राम प्रहरी गोविन्द सिंह नेगी, बहादुर सिंह नेगी, मेहरवान सिंह नेगी, पुष्कर सिंह नेगी, बलवंत सिंह नेगी, मनवर सिंह नेगी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts