देव भूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय (DBUU) एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा एलुमनाई मीट 2025 – नॉर्थ चैप्टर का भव्य आयोजन सेक्टर-63, नोएडा स्थित जुबली बैंक्वेट में सफलतापूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया। इस अवसर पर माननीय श्री संजय बंसल जी, अध्यक्ष, देव भूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी विचारों में कहा कि एलुमनाई किसी भी विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और उनका अनुभव, मार्गदर्शन एवं सहयोग संस्थान के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने DBUU एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में डॉ. दिग्विजय सिंह, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (DSW), डॉ. शुभाशीष गोस्वामी, रजिस्ट्रार, DBUU, सहित अन्य वरिष्ठ विश्वविद्यालय अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने एलुमनाई गतिविधियों को विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर एलुमनाई एसोसिएशन की प्रमुख उपलब्धियों को भी साझा किया गया, जिनमें एलुमनाई द्वारा आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव्स, अब तक 50 से अधिक अतिथि व्याख्यान एवं वेबिनार, सोशल मीडिया एवं पोर्टल पर एलुमनाई स्पॉटलाइट पहल, जरूरतमंद एलुमनाई को आर्थिक सहायता, स्टार्टअप सहयोग तथा उच्च शिक्षा हेतु DBUU में संचालित विशेष छात्रवृत्ति योजना, जिससे इस वर्ष 30 से अधिक एलुमनाई लाभान्वित हुए, प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम के दौरान एलुमनाई एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों के बीच संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिनमें मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन एवं उद्योग–शिक्षा सहयोग जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। साथ ही मनोरंजक गतिविधियों और खेलों ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।
DBUU एलुमनाई एसोसिएशन की सामान्य कार्यकारिणी में उपस्थित पदाधिकारियों में श्री अभिषेक राय सक्सेना (अध्यक्ष), श्री अभिषेक मिश्रा (उपाध्यक्ष), श्री भूपेन्द्र कुमार (सचिव), श्रीमती दामिनी थपलियाल (संयुक्त सचिव) एवं श्री योगेश तिवारी (कोषाध्यक्ष) शामिल रहे, जिनकी सक्रिय भूमिका से कार्यक्रम को सफल बनाया गया।
कार्यक्रम का समापन नेटवर्किंग डिनर एवं सचिव द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय नेतृत्व, अतिथियों, एलुमनाई सदस्यों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



