होली की आड़ में चरस तस्करी का प्रयास नाकाम, 1 किलो 348 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार

मोरी उत्तरकाशी। होली पर्व के मद्देनज़र अवैध नशे के कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए जनपद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना मोरी पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान होली की आड़ में चरस की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 348 ग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.70 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने होली के त्योहार को देखते हुए जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अनैतिक गतिविधियों, ड्रंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में बीती रात मोरी क्षेत्र के बागी मौताड़ बैंड के पास सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या UK 14TA 2710 (स्विफ्ट डिजायर) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार आयुष ठाकुर (22 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह निवासी मेहूंवाला, विकासनगर, देहरादून को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि होली के दौरान नशीले पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए वह चरस को देहरादून क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। आरोपी के विरुद्ध थाना मोरी में NDPS एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसपी ने बताया कि होली के मद्देनज़र जनपद में सभी अंतरराज्यीय व अंतरजनपदीय बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। त्योहार की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts