देहरादून। श्री झंडा साहिब के आरोहण के बाद सोमवार को भी दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देश-विदेश से आई संगतों के साथ बड़ी संख्या में देहरादून के स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी श्री झंडा साहिब और श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं मांगी। अल सुबह से ही दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के दर्शन के लिए संगतें कतारों में खड़ी रहीं। श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान श्री गुरु राम राय जी महाराज और श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
सोमवार को अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने गुरु महिमा और गुरु भक्ति का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य को सच्चे मार्ग का ज्ञान प्राप्त होता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है। उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बरसती है और उसका जीवन सुख-शांति और आध्यात्मिक आनंद से भर जाता है। उन्होंने संगतों को गुरु भक्ति, प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि गुरु की कृपा से ही मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है।
मंगलवार को होगी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा
दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में 10 मार्च, मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। परंपरा के अनुसार श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा के लिए संगतें पहुंचती हैं। नगर परिक्रमा देहरादून के नगरवासियों के लिए भी ऐतिहासिक क्षण होता है, जब देश-विदेश की संगत उनके बीच होती है। हर वर्ष यह दृश्य मनमोहक होता है जब श्री गुरु राम राय जी महाराज द्वारा बसाए गए देहरादून नगर के बीचों-बीच से गुरु की संगत गुजरती है और दूनवासी पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत करते हैं।
श्री झंडा महोत्सव के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि नगर परिक्रमा मंगलवार सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से आरंभ होगी। इसमें 25 हजार से अधिक संगतों के शामिल होने की संभावना है। नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल पहुंचेगी, जहां संगतों को चने, मुरमुरे और गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके बाद तिलक रोड, टैगोर विला, घंटाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी, रीठा मंडी होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग पहुंचेगी। यहां गन्ने का प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके बाद ब्रह्मलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर मत्था टेकने के बाद नगर परिक्रमा दोपहर 12 बजे सहारनपुर चौक होते हुए वापस श्री दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न होगी।
भजनों और कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
सोमवार सुबह से ही श्री दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा और श्री गुरु राम राय जी महाराज के भजनों-कीर्तनों की धूम रही। “गुरु बिन घोर अंधेरा, गुरु से ही उजियारा”, “सतगुरु तेरी महिमा अपरम्पार” और “मेरे सतगुरु दाता मेहर कर दाता” जैसे भजनों के साथ श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान किया। भक्ति और श्रद्धा से सराबोर वातावरण में पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया।
श्रद्धालुओं की सेवा में लगे लंगर
श्री दरबार साहिब के अंदर और बाहर संगतों की सेवा के लिए लंगर लगाए गए हैं, जहां बाहरी और स्थानीय श्रद्धालु लंगर ग्रहण कर रहे हैं। इसके साथ ही श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम भी चिकित्सा सेवा के लिए परिसर में तैनात है।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 यूनिट रक्तदान
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में आयोजित इस शिविर में संगतों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 200 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
श्री झंडा महोत्सव के दौरान देश-विदेश से आई संगतों के कारण पूरे दून शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु मेले का भरपूर आनंद ले रहे हैं।




