पहाड़ से मैदान तक मौसम का कहर: उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी, 15–16 मार्च को ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज काफी बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है।

 

यह येलो अलर्ट 14 मार्च दोपहर 1:45 बजे से 15 मार्च 2026 दोपहर 1:45 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कुछ पहाड़ी इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ तूफान की संभावना जताई गई है।

 

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। उत्तरकाशी के बड़कोट और पुरोला, चमोली के जोशीमठ, बदरीनाथ, उर्गम घाटी और थराली, बागेश्वर के कपकोट तथा पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और बेरीनाग क्षेत्रों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

 

दूसरी ओर राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने भी प्रदेश में बदलते मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। केंद्र के मुताबिक 14 मार्च से 19 मार्च के बीच पहाड़ी जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं इस अवधि में तीन दिन तक मैदानी जिलों में भी वर्षा हो सकती है।

 

मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। 15 मार्च को हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ बादल गरजने, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

 

इसके बाद 16 मार्च को भी इन्हीं मैदानी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। इस दिन बिजली गिरने, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ों में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

 

मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को मौसम अपेक्षाकृत शांत रह सकता है। हालांकि 18 मार्च को एक बार फिर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बिजली गिरने और आंधी-तूफान की आशंका बनी हुई है।

 

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts