- पीड़ित से वसूले गए 1.91 लाख रुपये, 18 बैंक खाते और मोबाइल बरामद
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड पुलिस ने हेली टिकटों के नाम पर की जा रही ऑनलाइन ठगी का बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने गुजरात के एक व्यक्ति से करीब 1.91 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 बैंक खाते और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
गुजरात के सूरत निवासी सूर्यप्रकाश मिश्रा ने 7 जुलाई को थाना गुप्तकाशी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर एक फर्जी हेली कंपनी की साइट देखकर उन्होंने व्हाट्सएप के जरिए 32 लोगों के टिकट बुक कराए। आरोपियों ने अकाउंट नंबर देकर ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। पीड़ित ने 1,91,812 रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न तो टिकट मिले और न ही कॉल रिसीव की गई।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि दो माह की जांच के बाद पुलिस ने ठगी का पर्दाफाश किया। आरोपियों को ओडिशा के मयूरगंज और मास्टरमाइंड को बिहार के नवादा से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:
- आकर्षण गुप्ता (18), निवासी बिहार (मास्टरमाइंड)
- अनंत कुमार सिंह (25), निवासी ओडिशा
- सौभाग्य शेखर महतो (26), निवासी ओडिशा
- दौलागोबिंदा बाघा, निवासी ओडिशा
मास्टरमाइंड का तरीका
पुलिस जांच में सामने आया कि मास्टरमाइंड आकर्षण गुप्ता व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लोगों से संपर्क करता था। उसने अनंत कुमार का सिम, एटीएम और बैंक खाता अपने कब्जे में ले रखा था। ठगी की राशि मिलते ही वह रकम निकाल लेता और सहयोगियों को मामूली हिस्सा देता।
- अनंत को 10 हजार रुपये
- सौभाग्य को 15 हजार रुपये
- दौलागोबिंदा को 15 हजार रुपये
बाकी रकम आकर्षण खुद रखता था। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।



