देहरादून:
देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में एक युवती पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। घायल युवती का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 7 मार्च को आदर्श विहार निवासी एक व्यक्ति ने थाना क्लेमेंटाउन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी बेटी पर एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले छात्र ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। आरोपी की पहचान उदय सिंह उर्फ विशु (21 वर्ष) निवासी जागृति विहार, मेरठ के रूप में हुई है, जो एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है।
हमले के दौरान युवती के गले और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। वहीं संघर्ष के दौरान आरोपी का हाथ भी चाकू से कट गया, जिसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती के गले पर गहरे घाव हैं और उसे करीब 60 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय उदय सिंह उर्फ विशु को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर ओगल भट्टा स्थित उसके किराए के कमरे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया।
थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है और कृष्णा विहार ओगल भट्टा में अपने तीन अन्य साथियों के साथ किराए के कमरे में रह रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की युवती से मुलाकात सितंबर 2025 में उसी शिक्षण संस्थान में हुई थी, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क में होने की जानकारी मिली। इसी बात को लेकर 7 मार्च को दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया।




