Kedarnath Snowfall 2025: केदारनाथ-हेमकुंड में सीजन की पहली बर्फबारी। दून में बारिश से बढ़ी ठंड

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई और सोमवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश ने दस्तक दे दी।

राजधानी देहरादून, हरिद्वार, टिहरी समेत कई इलाकों में सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

वहीं, केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद चारधाम यात्रा स्थलों की सुंदरता और भी बढ़ गई है।

🏔️ ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश से ठंड में इजाफा

यमुनोत्री धाम और यमुना घाटी में भी मौसम ने करवट बदली। यमुनोत्री धाम के आसपास की चोटियों पर हल्की बर्फबारी और नीचे के इलाकों में बारिश की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई है।

श्रद्धालुओं ने बारिश के बीच दर्शन किए, वहीं स्थानीय लोगों को ठंड से राहत के लिए अब गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

⚠️ मौसम विभाग का अलर्ट: आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से राज्य के आठ जिलों — देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार — के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में आज तेज बारिश, ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

जबकि राज्य के अन्य पांच जिलों में हल्की बारिश और हवाएं चलने के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

🌦️ 8 अक्टूबर तक बदल सकता है मौसम का मिजाज

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने बताया कि निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उत्तराखंड में 8 अक्टूबर तक तेज बारिश होने के आसार हैं।

खासकर 6 और 7 अक्टूबर को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts