उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, 8 नकलची गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं प्रदेशभर में सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से चल रही हैं। इसी बीच हरिद्वार जनपद से परीक्षा अनियमितता का पहला मामला सामने आया है। सचल दल की कार्रवाई में हाईस्कूल हिंदी परीक्षा के दौरान आठ परीक्षार्थियों को अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए पकड़ा गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार में निजी तौर पर हिंदी विषय की परीक्षा दे रहे कुल आठ अभ्यर्थियों को नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इनमें चार छात्र और चार छात्राएं शामिल हैं। इस घटना के बाद राज्य में अब तक पकड़े गए नकलचियों की कुल संख्या आठ हो गई है।

 

मंगलवार को आयोजित हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, हालांकि अनुपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या उल्लेखनीय रही। इस विषय में कुल 3,359 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।

 

खंड शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप शर्मा ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर सावित्री शिक्षा सदन, रावली महदूद के परीक्षार्थी भी परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा प्रारंभ होने के कुछ समय बाद कक्ष निरीक्षक ने प्रवेश पत्रों की दोबारा जांच की, जिसमें विसंगतियां पाई गईं। जांच के दौरान प्रवेश पत्रों पर लगी तस्वीरें और मोहर संदिग्ध प्रतीत हुईं। सख्ती से पूछताछ करने पर संबंधित अभ्यर्थियों ने स्वीकार किया कि वे अन्य विद्यार्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे।

 

मामले की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी आठ अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, यदि किसी प्रवेश पत्र में फोटो संबंधी त्रुटि होती है तो विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा स्थिति स्पष्ट की जाती है, लेकिन इस प्रकरण में ऐसा नहीं हुआ, जिससे संदेह और गहरा गया।

 

जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चंद ने बताया कि सभी संबंधित अभ्यर्थी नियमित छात्र नहीं थे, बल्कि निजी परीक्षार्थी थे। सावित्री शिक्षा सदन की भूमिका की जांच की जा रही है कि किन परिस्थितियों में संदिग्ध प्रवेश पत्र जारी किए गए। प्रारंभिक आशंका किसी संगठित गिरोह की भी जताई जा रही है।

 

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

 

परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, हाईस्कूल हिंदी विषय में कुल 1,11,936 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,577 ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और उड़न दस्तों की सक्रियता से नकल पर नियंत्रण बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

 

इंटरमीडिएट स्तर पर भी परीक्षाएं व्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही हैं। हिंदुस्तानी संगीत गायन-वादन विषय में 21 तथा हिंदुस्तानी संगीत मेलोडिक वादन में एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न हों।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts