मुरादाबाद: पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कार और ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी निवासी चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
मूंढापांडे थाने के एसएचओ मोहित कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नैनीताल जिले के हल्द्वानी के रहने वाले पांच युवक कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मनकरा मोड़ के पास उनकी कार सामने चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सीएचसी मूंढापांडे की मेडिकल ऑफिसर डॉ. ईशा सिंह ने बताया कि अस्पताल में कुल पांच युवकों को लाया गया था, जिनमें से चार को मृत अवस्था में लाया गया था। एक युवक गंभीर रूप से घायल था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद जिला अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की एक वजह कार चालक को आई झपकी भी मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि चलते वाहन में चालक को नींद आने से कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
मुरादाबाद पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। हादसे में जान गंवाने वालों में अनिल नेगी, सुंदर सिंह, भुवन भंडारी और दयाल सिंह शामिल हैं, जो सभी हल्द्वानी के निवासी थे। वहीं घायल युवक की पहचान यशदीप पांडे, निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है।
इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।




