PM Viksit Bharat Yojana:79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना (PM Viksit Bharat Yojana) की शुरुआत का ऐलान किया।
इस योजना का उद्देश्य देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और निजी क्षेत्र में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता देना है।
1 लाख करोड़ का प्रावधान, 3.5 करोड़ युवाओं को लाभ
पीएम मोदी ने घोषणा की कि इस योजना के लिए सरकार ने ₹1 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इससे करीब 3.5 करोड़ युवाओं को फायदा मिलेगा।
योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही, नई नौकरियां देने वाली कंपनियों को भी इंसेंटिव मिलेगा।
योजना के दो भाग – युवाओं और नियोक्ताओं के लिए
प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना को दो भागों में बांटा गया है:
भाग ‘क’ – पहली नौकरी करने वाले युवा
- EPFO में पंजीकृत पहली बार नौकरी करने वाले कर्मचारियों को दो किस्तों में अधिकतम ₹15,000 की राशि मिलेगी।
- पात्रता: जिनका वेतन ₹1 लाख रुपये प्रतिमाह से कम हो।
- पहली किस्त: 6 महीने की सेवा पूरी करने पर।
- दूसरी किस्त: 12 महीने की सेवा और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने पर।
भाग ‘ख’ – नई नौकरियां देने वाली कंपनियां
- प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी (वेतन ₹1 लाख से कम और कम से कम 6 माह नौकरी) के लिए 2 साल तक ₹3,000 प्रतिमाह का प्रोत्साहन।
- विनिर्माण (Manufacturing) क्षेत्र के लिए यह लाभ तीसरे और चौथे वर्ष तक भी जारी।
- पात्रता:
- 50 से कम कर्मचारियों वाली कंपनी को कम से कम 2 नए कर्मचारी रखने होंगे।
- 50 या अधिक कर्मचारियों वाली कंपनी को कम से कम 5 नए कर्मचारी रखने होंगे।
कैबिनेट की मंजूरी और लागू होने की तारीख
इस योजना को 1 जुलाई 2025 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी। कुल बजट ₹99,446 करोड़ रुपये का है।
- लागू अवधि: 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 तक।
- लक्ष्य: 3.5 करोड़ नौकरियां, जिनमें से 1.92 करोड़ पहली बार नौकरी पाने वाले युवा होंगे।
मेन फोकस सेक्टर
- विनिर्माण (Manufacturing)
- प्राइवेट सेक्टर की कंपनियां
- नए रोजगार सृजन



