बिग ब्रेकिंग: पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी बनीं राज्य की पहली महिला मुख्य सूचना आयुक्त। देखें आदेश 

देहरादून। उत्तराखंड की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राधा रतूड़ी को राज्य की पहली महिला मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने इस संबंध में शनिवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। राधा रतूड़ी हाल ही में 31 मार्च 2025 को मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुई थीं।

मुख्य सचिव के रूप में कार्यकाल पूरा करने के बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि उन्हें कोई महत्वपूर्ण संवैधानिक पद मिल सकता है। अब इन अटकलों पर विराम लगाते हुए शासन ने उन्हें सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत राज्य की मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है।

राधा रतूड़ी 1992 बैच की आईएएस अधिकारी रही हैं और अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने उत्तराखंड सरकार के विभिन्न महत्त्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दी हैं। मुख्य सचिव के तौर पर उन्हें दो बार सेवा विस्तार भी दिया गया था, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

राज्य की पहली महिला मुख्य सचिव बनने के बाद अब उन्होंने पहली महिला मुख्य सूचना आयुक्त का दर्जा भी अपने नाम कर लिया है, जिससे वह उत्तराखंड प्रशासन में महिलाओं के लिए एक मिसाल बन गई हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राधा रतूड़ी आगामी तीन वर्षों तक इस पद पर कार्यरत रहेंगी या जब तक वह 65 वर्ष की आयु प्राप्त नहीं कर लेतीं, जो भी पहले हो।

राज्यपाल की अनुमति से जारी यह आदेश राधा रतूड़ी के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए एक बड़ा और महत्त्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts